उमेश सागर,
त्रिवेणी एक्सप्रेस का चार दिन शक्तिनगर, तीन दिन सिंगरौली से लखनऊ-टनकपुर तक होगा संचालन।
शक्तिनगर। दो दिन पूर्व शुक्रवार को दुद्धी विधायक हरिराम चेरो ने त्रिवेणी एक्सप्रेस एवं चुनार चोपन बरवाडीह पैसेंजर को शुरू करने के संबंध में रेल भवन में रेल राज्य मंत्री राव साहब दानवे पाटिल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। विधायक हरिराम चेरो के ज्ञापन को संज्ञान लेते हुए रेलवे मंत्रालय ने त्रिवेणी एक्सप्रेस को चलाने के लिए 26 जुलाई से हरी झंडी दे दी है।
कोरोना महामारी के दौरान त्रिवेणी एक्सप्रेस को एहतियातन बंद कर दिया गया था और अब जब थोड़ी स्थिति सामान्य हुई है तो विधायक ने ट्रेनों के संचालन के लिए रेल राज्य मंत्री से निवेदन किया था।
शक्तिनगर व सिंगरौली से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से ऊर्जांचल वासियों को जोड़ती है और एकमात्र मुख्य ट्रेन है जो लखनऊ होते हुए टनकपुर तक जाती है। शक्तिनगर से चार दिन और सिंगरौली से तीन दिन त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन होगा।
दुद्धी विधायक हरिराम चेरो के ज्ञापन का असर ही रहा कि इतनी जल्दी रेलवे मंत्रालय ने त्रिवेणी एक्सप्रेस को चलाने के लिए हरी झंडी दे दिया। ऊर्जांचल वासियों ने दुद्धी विधायक के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।

