औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन सड़क निर्माण में खड़िया बाजार में फंसा विस्थापन का पेंच।
उमेश सागर संवादाता
ऊर्जांचल। औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन सड़क निर्माण में आ रही बाधा को दूर और सड़क निर्माण को गति प्रदान करने हेतु दुद्धी एसडीएम रमेश कुमार ने ग्रामीणों व एनटीपीसी, एनसीएल, बिजली विभाग, पीडब्लूडी अधिकारियों संग बैठक कर कार्य की प्रगति का हाल जाना और सड़क निर्माण में आ रही अड़चन को दूर करने का जल्द से जल्द अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किया।
फोरलेन सड़क निर्माण में खड़िया बाजार, मर्रक, योगीचौरा के पास सड़क चौड़ीकरण में कुछ बाधाएं आ रही हैं। एसडीएम के साथ वार्ता करने के लिए आए ग्रामीणों रेवती रमण शर्मा, रामप्रसाद गुप्ता, मोहम्मद रफीक, फारूक, शालिक राम आदि ने बताया कि 1978 में उनकी जमीन को एनटीपीसी ने लिया था और सिर्फ मुआवजा देकर प्लॉट का आवंटन नहीं किया था। अब उनकी जमीन और घर सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रही है तो बेघर होने का खतरा मंडराने लगा है। हम चाहते हैं कि उचित मुआवजे के साथ रहने के लिए एक प्लॉट का भी आवंटन किया जाए। वही कुछ ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में भी जमीन के हिसाब से उचित मुआवजा देने में आनाकानी की जा रही है। अब ग्रामीण एनटीपीसी और पीडब्ल्यूडी के बीच पेंडुलम की तरह झूल रहे हैं और उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
बैठक के बाद बाहर आए एनसीएल राजस्व अधिकारी राजाराम यादव ने बताया कि थाना शक्तिनगर से लेकर प्राइवेट बस स्टैंड तक सड़क किनारे दीवार का निर्माण एनसीएल, एनटीपीसी और पीडब्ल्यूडी के सहयोग से कराने का एसडीएम महोदय द्वारा आग्रह किया गया है।
दुद्धी एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण में आ रही अड़चन को दूर करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन को निर्देशित किया गया है की मुआवजे और प्लाट आवंटन के संबंध में जल्द से जल्द निर्णय लें ताकि सड़क निर्माण को गति प्रदान किया जा सके। पूरे प्रकरण का विस्तृत रिपोर्ट सोनभद्र जिलाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से एनटीपीसी कार्मिक अधिकारी पुरुषोत्तम लाल, एनसीएल खड़िया राजस्व अधिकारी राजाराम यादव, एनसीएल खड़िया टाउनशिप मैनेजर जेएसपी सिंह, एनसीएल खड़िया सुरक्षा अधिकारी एसपी सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग से अधिशासी अधिकारी उदय नारायण, अमित सिंह, देशबंधु सिंह, बिजली विभाग से एसडीओ सुरेश यादव व अवर अभियंता राजीव शर्मा, शक्तिनगर थाना एसएसआई संतोष यादव, कोहरौल ग्राम प्रधान चंदन कुमार, खड़िया बाजार ग्राम प्रधान विजय गुप्ता सहित लगभग 30 की संख्या में विस्थापित उपस्थित रहे।

