सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र स्थित बढ़नीनाला तालाब के पास आज शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे मे ग्राम गड़दरवा की रहने वाली 8 वर्षीय बालिका पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची अपनी दादी के साथ सब्जी बेचने दुद्धी आई हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय पुष्पा सिर पर दातून का गट्ठर ले रखी थी जबकि उसकी दादी सब्जियों का बोझ उठाए चल रही थीं। जैसे ही दोनों बढ़नीनाला के समीप पहुँचीं, तभी बीडर की ओर से आ रही एक स्प्लेंडर बाइक की चपेट मे बच्ची आ गई । हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को उसी बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। सीएचसी दुद्धी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने बताया कि बच्ची के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों मे चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है और उसे घर भेज दिया गया है। डॉक्टर ने परिजनों को निर्देश दिया है कि पांच दिन बाद पुनः बच्ची को अस्पताल मे लाकर उसकी जांच करवाएं।

