सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दिघुल गांव मे सोमवार की दोपहर सड़क पर सांड के टकराने से हुए हादसे मे सहायक अध्यापक सुभाष गुप्ता घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कम्पोजिट विद्यालय दिघुल मे तैनात सहायक अध्यापक सुभाष गुप्ता सोमवार की दोपहर करीब 2.30 बजे शिक्षण कार्य पूर्ण कर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिघुल गांव मे सड़क पर दो सांड आपस मे लड़ते हुए अचानक उनकी बाइक से टकरा गए। टक्कर से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सौभाग्य से उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे मे उनके पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पीछे से आ रहे अन्य अध्यापकों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया गया। लोगों ने शासन प्रशासन से आवारा पशुओं का उचित उपाय कर इस प्रकार के हादसों पर रोक लगाने की मांग की है।

