*पिपरी से दीपू तिवारी की खास रिपोर्ट*
(पिपरी सोनभद्र) पिपरी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-1, मलिन बस्ती स्थित मेन रोड तिराहे पर चल रही सरकारी शराब की दुकान के बगल में अवैध चिकन दुकान ने शराबियों का अड्डा बना लिया है। यहां शराब खरीदने वाले ग्राहकों को न केवल बैठाकर पिलाया जाता है, बल्कि सड़क किनारे दर्जनों वाहन खड़े होने से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सरकारी ठेके के पास जगदीश नाम के व्यक्ति द्वारा संचालित यह चिकन दुकान लंबे समय से अवैध रूप से चलाई जा रही है। इस दुकान पर चौकी-कुर्सी लगाकर शराबियों को बैठाया जाता है, जिससे मुख्य मार्ग पर हमेशा नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि इस रास्ते से गुजरने वाली महिलाएं और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। रविवार और बुधवार को लगने वाले सब्जी बाजार में भी यहां से आमजन को गुजरना पड़ता है। बच्चों को स्कूल और ट्यूशन जाते समय इसी मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराबियों के हुड़दंग और दोपहिया वाहनों की अवैध पार्किंग से हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इसके बावजूद पिपरी पुलिस और आबकारी विभाग लगातार इस समस्या को अनदेखा कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि शराब ठेके के बगल में चल रही अवैध चिकन दुकान को तुरंत बंद कराया जाए और वहां शराब पीने पर सख्त पाबंदी लगाई जाए। साथ ही, मुख्य मार्ग पर वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इस अवैध गतिविधि पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

