सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। कस्बा स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस मे स्थानीय पत्रकारों की एक अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमे आगामी 14 सितंबर को हिंदी दिवस पर धूमधाम से कार्यक्रम को मनाए जाने को लेकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार ने की।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रमों के आयोजन पर सहमति जताई। वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार ने कहा कि बदलते समय मे हमारी मातृभाषा हिंदी धीरे-धीरे उपेक्षित होने लगी है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि हिंदी भाषा को समाज में प्राथमिकता से स्थापित रखा जाए। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों को सजग रहते हुए हिंदी भाषा के प्रसार और विकास में निरंतर योगदान देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हिंदी दिवस पर हिंदी का महत्व विषय पर एक गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अन्य पत्रकारों ने भी अपने-अपने विचार रखे और हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
बैठक मे वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार, जितेंद्र कुमार अग्रहरि, राफे खान, राकेश गुप्ता, रमेश यादव, जितेंद्र चन्द्रवंशी, नीतिश कुमार सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

