सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र । स्थानीय कस्बा दुद्धी मे आज रविवार को हुए सड़क हादसे मे चार वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आयान गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता, उम्र 4 वर्ष, निवासी पिपरडीह, अपनी दादी के साथ खरीदारी करने दुद्धी बाजार आया था। इसी दौरान श्री संकटमोचन मंदिर के सामने गिट्टी से भरे टीपर के चपेट में आ गया । हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया गया। जहाँ चिकित्सक सुनील ने बालक को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार व ग्रामीणों मे कोहराम मच गया। आयान दो भाइयों में सबसे छोटा था, उसके असमय निधन से घर का माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पाकर सीएचसी पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल टीपर को कब्जे में कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
नगरवासियों और ग्रामीणों का कहना है कि श्री संकटमोचन मंदिर के समीप अतिक्रमण के चलते सड़क संकरी हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाकर सड़क को चौड़ा और सुरक्षित बनाने की मांग की है।

