सोनभद्र में कांग्रेस कार्यालय के घेराव की तैयारी, भाजपा महिला मोर्चा ने दिया अल्टीमेटम
सोनभद्र:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर कांग्रेस मंच से कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने ऐलान किया है कि वे 2 सितम्बर (मंगलवार) को सोनभद्र स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव करेंगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने राजनीतिक मर्यादाओं को लांघते हुए प्रधानमंत्री की माता के खिलाफ अपशब्द कहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी न केवल अनैतिक है, बल्कि सामाजिक मूल्यों के भी खिलाफ है।
पार्टी की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि कांग्रेस सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री से माफी नहीं मांगती है, तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा। जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने साफ कहा है कि भाजपा महिला मोर्चा अपमानजनक बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगा।इस घेराव को लेकर भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। प्रशासन ने भी संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।

