शक्तिनगर/सोनभद्र एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस पर्व मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित सिद्धार्थ मंडल, अपर महाप्रबंधक (मा0 सं0), एनटीपीसी शक्तिनगर एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने ध्वजारोहण कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत समूहगान के साथ हुई, जिसे अल्का, क्रिस्लिन, आराध्या की टीम द्वारा प्रस्तुत किया गया। एतदुपरांत कक्षा 6 के छात्रों ने अभिनय गीत की प्रस्तुति के माध्यम से देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया, जिसका निर्देशन शिक्षिका शशिप्रभा ने किया।
हिंदी भाषण से प्रियांशु राज ने तो अंग्रेजी भाषण द्वारा सृष्टि सिंह ने छात्रों को रोमांचित किया। जाह्नवी, अनन्या, एंजेला, तृषा, आलिया ने समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के दौरान सभी को अभिभूत कर दिया।
मुख्य अतिथि सिद्धार्थ मंडल ने अपने उद्बोधन में बताया कि हमें इस आजादी के पर्व का सम्मान करना चाहिए और राष्ट्रोन्नति हेतु सदैव प्रयत्नशील रहते हुए राष्ट्र गौरव के प्रतीकों को समुचित आदर देना चाहिए। अपने वक्तव्य में आगे उन्होंने बताया कि केवल तिरंगा फहराने से ही देशभक्ति जागृत नहीं होगी, भारत आज विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर हो रहा है तथा हमें उस हेतु दृढ़ संकल्प लेना होगा।
मुख्य अतिथि के प्रति अपना आभार ज्ञापित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीयता हमारी अस्मिता का प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय का यह कर्तव्य है कि हम राष्ट्र के गौरवशाली प्रतीक चिह्नों का सदैव सम्मान करें साथ ही अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। शिक्षार्थी हमारे राष्ट्र की अनमोल धरोहर हैं साथ ही भविष्यनिर्माता भी, अतः हमें सदैव यह ध्यान रखना होगा कि हम राष्ट्रीयता के जज्बे को हमेशा बनाए रखें। स्कूल कैप्टन ओम आयुष पात्रा तथा रुद्राक्षी ने मुख्य अतिथि को बैज लगाया और प्रधानाचार्य ने शॉल पहनाकर अभिनंदन किया एवं छात्रा दृष्टि सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत करते हुए स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं लावण्या सिंह, शिक्षा सिंह तथा लावण्या सोनी ने किया अंतिम कड़ी के रूप में जोशीले नारे वर्तिका, अर्पिता, शिखा, वैष्णवी एवं दृष्टि द्वारा लगाए गए। कार्यक्रम में सभी शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी, छात्र व अभिभावक उपस्थित रहे।

