शक्तिनगर/सोनभद्र एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत सीबीएसई बोर्ड द्वारा शिक्षकों हेतु द्विदिवसीय (28 & 29 जुलाई) प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीबीएसई के रिसोर्स पर्सन नीतेश कुमार सिंह, उप प्रधानाचार्य, रेड ईगल पब्लिक स्कूल प्रयागराज एवं संतोष कुमार सिंह, प्रवक्ता अंग्रेजी, सनबीम स्कूल रोहनिया वाराणसी ने सीनियर सेकेंडरी के छात्रों को अंग्रेजी भाषा पढ़ाने वाले शिक्षकों को विभिन्न शिक्षण पद्धतियों का अनुकरण करते हुए शिक्षण प्रणाली की नवीनतम विधा को आत्मसात् करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हम शिक्षक आधुनिक समय में विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और हमारा दायित्व समाज में सर्वाधिक हो जाता है, अतः हमें यथासमय बोर्ड द्वारा आयोजित कार्यशाला में शामिल होकर शिक्षण के नए गुणों को सीखते रहना चाहिए।
निदेशक, कार्यशाला-स्थल सह विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने सीबीएसई बोर्ड द्वारा नियुक्त किए गए रिसोर्स पर्सन का स्वागत एवं कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में शिक्षकों का अद्यतन तकनीकियों की सहायता से स्वयं को अपडेट करने के साथ ही विषय पर गहन चिंतन तथा छात्रों की अभिरुचि को समझने का कौशल विकसित करना चाहिए। कार्यशाला में चंदौली, मुगलसराय, वाराणसी, रॉबर्ट्सगंज, अनपरा, बीना, रेणुकूट, ओबरा तथा शक्तिनगर के विभिन्न विद्यालयों के 60 प्रतिभागी शिक्षकगण सम्मिलित हुए, जिसमें विद्यालय के 35 अध्यापकों ने भी सहभागिता की। कार्यशाला के समापन में रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिह्न भेंटकर विद्यालय के शिक्षक बीजू वर्गीस द्वारा सम्मानित किया गया, संचालन शिक्षक जिम्मी थॉमस ने किया।
*सीबीएसई बोर्ड द्वारा शिक्षकों हेतु द्विदिवसीय कार्यशाला का आयोजन
By: वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)
On: Wednesday, July 30, 2025 2:58 AM
---Advertisement---

