सेराजुल हुदा
दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र मे रहस्मयी तरीके से एक नवजात बच्ची की मौत का मामला तूल पकड़ लिया है। ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के आपसी मतभेद के कारण घटना के बाद लोग आमने-सामने आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव निवासी फुलवंती नामक महिला ने शुक्रवार को सीएचसी दुद्धी मे एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन पति और ससुराल पक्ष ने कोई हाल-चाल तक नहीं लिया। शनिवार को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने लौवा नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
जब ससुराल वालों को मौत की जानकारी मिली, तो वे रविवार की सुबह लगभग 11 बजे दावा करते हुए अस्पताल पहुंचे कि बच्ची उनकी है और “बच्ची चाहिए, चाहे जिंदा हो या मरी हुई”। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा।दुद्धी पुलिस लौवा नदी के तट पर पहुंची, जहां शव दफनाया गया था, लेकिन घंटों तलाश के बाद भी शव नहीं मिला। सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के अधीक्षक डा० शाह आलम अंसारी ने बताया कि महिला ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था इसके बाद नवजात बच्ची को उसे सौंप दिया गया था। लेकिन महिला ने बच्ची के मौत की सूचना अस्पताल को नही दिया। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटी है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

