अशोक मद्धेशिया
संवाददाता
चोपन/सोनभद्र । राजस्व विभाग के एक आमीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से तहसील और विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि आमीन ने सुनसान जगह पर विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। वह दुद्धी तहसील में तैनात थे। मृतक के बेटे के अनुसार, विषाक्त पदार्थ सेवन के बाद पिता ने खुद उन्हें फोन कर जानकारी दी, लेकिन स्थान नहीं बताया। उन्होंने आखिरी शब्दों में बेटे को टेंशन न लेने की बात कही थी। यह सुनकर बेटे के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद बेटे ने किसी तरह पिता को खोज निकाला और आनन-फानन में उन्हें दुद्धी अस्पताल पहुंचाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में स्थिति बिगड़ती चली गई। मरीज को चोपन स्थित सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दुद्धी और ओबरा तहसील के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सीधे-सादे स्वभाव वाले उनके पिता दो दिन से उच्च अधिकारियों की डांट से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, जिसके कारण उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। एसडीएम दुद्धी ने मामले में कहा कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, और आरोपों की जांच कराकर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आशा अध्यक्ष मुन्नी माथुर ने भी इस मामले में गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा कि आमीन पर तहसीलदार का अत्यधिक दबाव था, जिसकी वजह से उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।

