अशोक मद्धेशिया
अनिल जायसवाल
संवाददाता
डाला/सोनभद्र । सरकार नागरिक सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दे रही है लेकिन सोनभद्र में नागरिक सुविधाएं कम होती जा रही हैं। कभी डाला चौकी रिपोर्टिंग चौकी हुआ करती थी लेकिन पिछले कुछ वर्षों से डाला चौकी से रिपोर्टिंग का अधिकार छीन लिया गया। अब इसके पीछे क्या तर्क दिया गया होगा यह तो शासन स्तर पर ही पता चल सकेगा। लेकिन रिपोर्टिंग चौकी न होने से दूर दराज में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चोपन थाना अंतर्गत आने वाला डाला चौकी चोपन से लगभग 10 किमी0 दूर है। ऐसे में डाला के दूरस्थ इलाके में रहने वाले लोगों को किसी मामले में पहले डाला चौकी सूचना देने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चोपन जाना पडता है। यानी एक तो व्यक्ति खुद परेशानी से गुजर रहा है और ऊपर से भाग दौड़ में वह और भी परेशान हो जाता है। जानकारों का कहना है कि पहले जब डाला रिपोर्टिंग चौकी हुआ करती थी तो दूर-दराज में रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत थी क्योंकि कई बार साधन न होने के कारण पीड़ित किसी प्रकार डाला पहुंच पाता है, लेकिन अब उसे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चोपन जाना ही पड़ेगा। जानकर यह भी मानते हैं
कि जहां थाने – चौकी पर फोर्स की कमी रहती है ऐसे में काम को बांट लेने में सबके लिए सहूलियत होगा। लोगों का कहना है कि किन कारणों से डाला चौकी से रिपोर्टिंग को हटा दिया गया यह तो जानकारी नहीं लेकिन इस पर शासन-प्रशासन को एक बार फिर पुनः विचार करना चाहिए।
आपको बतादें कि इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र पासवान ने जनसुनवाई सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। जिसको लेकर चौकी/थाना प्रभारी द्वारा पुलिस अधीक्षक को जांच आख्या की रिपोर्ट भेजा गया है।

