सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र | दुद्धी मे स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने आज सोमवार को स्कूल अधीक्षक के कार्य प्रणाली से नाराज होकर हाथों में तख्तियां लिए हुए सड़कों पर उतरे और कस्बे के मुख्य मार्गो से होते हुए तहसील परिसर मे पहुँच कर धरना प्रदर्शन किया | सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाल मनोज कुमार सिंह पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझने का प्रयास किया लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे | छात्रों की मांग थी कि स्कूल अधीक्षक ने उनको मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को रोक दिया है, जिसके कारण छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है हम लोग आजिज़ होकर सड़क पर उतरने को बाध्य हुए हैं |
छात्रों का आरोप था कि इस ठंड के मौसम मे हम लोगों को कंबल, स्वेटर, जूता ,मौजा इत्यादि नही मिलता और खाने के लिए जो भोजन मिलता है वह भी गुणवत्ता पूर्वक नहीं होता है | बहुत ही कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है | हमारी मांग है कि डीएम सोनभद्र आकर हमारी समस्याओं को सुने और उसका निस्तारण करें | जबकि सूचना मिलते ही एसडीएम दुद्धी निखिल यादव तहसील परिसर मे छात्रों के बीच पहुंचकर उनकाे समझाने – बुझाने का प्रयास किया और जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया | इस दौरान जयप्रकाश सर्वोदय विद्यालय दुद्धी के छात्रों ने हाथों मे तख्तियां लिए धरने पर बैठे रहे और एक सुर मे जिलाधिकारी सोनभद्र को बुलाने की मांग करते रहे | आपको मालूम रहे कि एससी/ एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार कुछ दिनों पूर्व जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय दुद्धी मे पहुंच कर स्कूल अधीक्षक को दुर्व्यवस्थाओं मे सुधार करने का निर्देश दिया था |

