शक्तिनगर/सोनभद्र एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ़ स्कूल में बालदिवस के अवसर पर बच्चों के लिए शिक्षकों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनोरंजक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा, सिस्टर किरण, जिम्मी थॉमस, लिजी एवं स्कूल कैप्टन ने पं0 जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। एतदुपरांत शिक्षिकाओं रागिनी मिश्रा, अनिता जोशी, नम्रता, साजिया, वंदना, सिल्विया, अरुण व अन्य ने प्रार्थना गीत के साथ कार्यक्रम को गति प्रदान की। नृत्य शिक्षिकाओं श्रृष्टि थापा, शिल्पा, संजीता, शीला, अंकिता, अनिमा इत्यादि ने रंगारंग प्रस्तुति देकर छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षक टाइटस क्रस्ता के निर्देशन में बच्चों के लिए विभिन्न खेलों के माध्यम से ज्ञानार्जन किया गया। शिक्षक नंदलाल गुप्ता ने अपने भाषण के द्वारा बालदिवस के महत्व पर प्रकाश डाला एवं शिक्षिका नैंसी टैगोर ने कार्यक्रम का संचालन किया।

‘लाफ’ नाटक के माध्यम से शिक्षकों एंथोनी, आराधना, रेनू, श्रद्धा, सीएस जोशी, निजिन, संतोष एवं अन्य ने विद्यार्थियों का मनोरंजन करने के साथ ही शिक्षा प्राप्ति के लिए समुचित मार्ग का अनुपालन करने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने अपने वक्तव्य में सभी को बालदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हम सभी को शिक्षा प्राप्ति के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए जिससे जीवन में उच्चतम सफलता प्राप्त की जा सके और अपने प्रयास के द्वारा परिवार के साथ ही राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए ताकि विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सके। कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण सहित छात्र उपस्थित रहे।

