सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व लोकसभा चुनाव के साथ हो रहे दुद्धी विधानसभा 403 उप चुनाव मे सपा, भाजपा सहित बसपा के भी चुनाव मैदान मे आ जाने से मामला दिलचस्प हो गया है | भीषण गर्मी के मौसम मे भी प्रत्याशियों का हौसला पूरी तरह बुलंद है | यही कारण है कि दुद्धी विधानसभा उप चुनाव की तिथि जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे मौसम के साथ साथ चुनावी पारा भी बढ़़ता जा रहा है। दुद्धी विधानसभा उप चुनाव के भाजपा एवं सपा ने अपने अपने प्रत्याशी की घोषणा तो पहले ही कर दी थी,लेकिन दो दिन पुर्व बसपा ने भी अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया जिससे मामला और भी रोचक हो गया | मुख्य विपक्षी दल सपा ने जहाँ पूर्व विधायक पर भरोसा जताते हुए विजय सिंह गौड़ को अपना उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं सत्ताधारी दल भाजपा ने श्रवण कुमार गौड़ पर भरोसा जताया है। अभी तक इन दोनों मे ही मुकाबले के आसार दिख रहे थे मगर बसपा के द्वारा भी उप चुनाव मे प्रत्याशी रवि सिंह खरवार का एलान करने के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
बताया जाता है कि बसपा अब उप चुनाव मे भी अपनी कैडर वोट को बचाए रखना चाहती है। सूत्रों का दावा है कि भाजपा और सपा द्वारा गौड़ प्रत्याशी उतारने के बाद बसपा ने खरवार विरादरी का कार्ड खेला है। क्योंकि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र मे गोंड़ के बाद खरवार जाति की बाहुल्यता है और विगत दो चुनावों मे मुख्य पार्टियों ने खरवार प्रत्याशी नही दिए है। चूंकि नामांकन की तिथि अभी शुरू नही हुआ है इसलिए निर्दल प्रत्याशियों का भी उपचुनाव मे उतरने की प्रबल संभावना है | 7 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगा। अभी तक तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान मे आ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी के तीनों प्रत्याशी चुनाव मैदान मे है। वहीं समाजवादी पार्टी को इंडिया गठबंधन का समर्थन प्राप्त है जिसमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाकपा माले सहित अन्य दल शामिल हैं।

