सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। केन्द्र व प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ सेवाएं एवं स्वच्छता को लेकर लगातार प्रयासरत है | और हर साल स्वच्छता अभियान पर लाखों रूपये खर्च किए जा रहे हैं, ताकि स्वस्थ रहन-सहन के साथ मानव जीवन चल सके लेकिन दुद्धी सरकारी अस्पताल के पिछले हिस्से पश्चिम साइड में लगे कूड़े कचरे के अम्बार स्वच्छता अभियान को मुँह चिढ़ाते हुए नजर आ रहे है, तो वहीं बजबजाती गंदगी संक्रामक रोगों को भी दावत दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुद्धी सरकारी अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के पश्चिम साइड मे कूड़े कचरे का ढेर लगा है तो वहीं बाउंड्री वाल भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे बगल मे मौजूद एक निजी स्कूल के छोटे छोटे बच्चों को दुर्गन्ध से आना जाना मुश्किल हो जाता है। अस्पताल के ठीक पीछे कूड़ा कचरा कहाँ से आता है, यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ हैं। कुछ का मानना है कि अस्पताल से भी साफ सफाई के बाद कूड़े फेंक दी जाती है तो कुछ लोगों का कहना हैं कि बाहर से भी लोग कूड़ा फेंक देते है, जिससे कूड़े कचरे का ढेर बढ़ता जा रहा हैं। अस्पताल के पीछे लगे कूड़े कचरे के ढेर से एक तरफ जहाँ पढ़ने वाले छोटे छोटे बच्चों को दुर्गन्ध से दो चार होना पड़ रहा हैं तो वहीं रहवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।
इनसेट –
इस सम्बन्ध मे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के अधीक्षक डॉ शाह ने बताया कि बाउंड्री के अंदर प्रतिदिन साफ सफाई कराई जाती है। अस्पताल के पश्चिम साइड मे बाउंड्री क्षति ग्रस्त होने के कारण कुछ बाहरी लोग भी कूड़े फेंक दे रहे हैं। इसको लेकर कई बार मना किया गया है और बाउंड्री बनवाने के लिए प्रयास भी किया जा रहा है, जिससे सीएचसी परिसर मे हो रहे गंदगी को रोका जा सके |

