अनिल जायसवाल
डाला- सोनभद्र/ स्टेट हाईवे 5A हाथीनाला व चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथवानी- तेलगुड़वा मुख्य मार्ग की विभिन्न स्थानों पर पावर प्लांट से निकलने वाले राख को परिवहन करने वाले वाहनों द्वारा डंपिंग किए जाने से हो सकता है बड़ा सड़क हादसा।
गौरतलब हो कि नजदीकी पावर प्लांट से निकलने वाली राख का प्रयोग फ्लाई ऐश ईट सीमेंट फैक्ट्रियों में सीमेंट आदि एवं अन्य कार्यों के लिए वाहनों द्वारा परिवहन कर भेजा जाता है। किंतु राख का परिवहन कर रहे वाहनों द्वारा हाथीनाला व चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथवानी से तेलगुड़वा मुख्य मार्ग के अगल-बगल व किनारे ही डंपिंग कर चलते बन रहे हैं।
राख परिवहन करने वाले वाहन अपने निजी लाभ के लिए राख को मार्ग के किनारे खाली कर देते हैं। जिसके कारण मार्ग पर यातायात करने वाले अन्य वाहनों व राहगीरों खासकर बाइक सवारों को राख से उड़ने वाली धूल के कारण सामने दिखाई नहीं पड़ता है। जिससे दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। रेणुकूट से तेलगुड़वा मुख्य मार्ग में एकाएक मोड़ की भी अधिकता ज्यादा है। जिसके कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं भी होती रहती है। जिसे किलर रोड की भी उपाधि दी है। इसी वर्ष पिछले गर्मी के दिनों में रानीताली राख डंपिंग से तूफानी चक्रवात के कारण एक दंपत्ति कार सवार धूल धूल-धुसरित होकर बिजली के खंभे को तोड़ता हुआ खाई में जा गिरा था।
जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त होकर दोनों दंपत्ति घायल हो गए थे ।उसी मार्ग के किनारे अब वाहनों द्वारा राख भी खाली कर दिया जा रहा है। जिससे सड़क दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ गई है। सड़क निर्माण कंपनी द्वारा भी यातायात सुविधा के मद्देनजर प्रतिदिन मार्ग का निरीक्षण किया जाता है। फिर भी इसे नजर अंदाज किया जा रहा है। यदि समय रहते इस पर ध्यान दिया जाए तो बड़ी दुर्घटना घटित होने से बचा जा सकता है।

