अशोक मद्धेशिया
संवाददाता
चोपन सोनभद्र। स्थानीय प्रीत नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर चोपन में सोमवार को प्रयास सामाजिक सेवा समिति ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच बहु उपयोगी प्रयास ज्ञान पुस्तक एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल ड्रेस के स्वेटर का वितरण किया। स्वेटर एवं पुस्तकें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वाराणसी से आए मीडिया के साथी नितेश भारद्वाज एवं अग्रवाल समाज के अध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों को संबोधित करते हुए पत्रकार नितेश भारद्वाज ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने एवं माता पिता एवं गुरुजनों की बातों का अनुकरण करने की सीख दी। प्रयास सामाजिक सेवा समिति व कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप अग्रवाल ने प्रयास के सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रयास सामाजिक सेवा समिति नगर क्षेत्र में गत एक दशक से विविध सामाजिक सेवा कार्य करती आ रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रयास के अध्यक्ष अजय भाटिया ने कहा कि ठंड में जरूरतमंद स्कूली बच्चों को ठंड से बचाने की मुहिम में लगी प्रयास सामाजिक सेवा समिति गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी 4 स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल ड्रेस के स्वेटर का वितरण करेगी जिसकी शुरुआत आज इस विद्यालय से की गई है। प्रयास जनसेवा समिति के अध्यक्ष की भतीजी वाराणसी में अध्यनरत छात्रा प्रिया भाटिया ने प्रयास के सेवा कार्यों को सराहनीय बताते हुए भविष्य में इसके और विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि आगामी 9 दिसंबर को आर्य शिशु मंदिर एवं 11 दिसंबर को गुरुद्वारा बाल विद्यालय एवं गुरुद्वारा पब्लिक स्कूल में बच्चों के बीच स्वेटर वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा। आगामी दिनों में बिना तिथि बिना अतिथि कार्यक्रम के तहत समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया जाता रहेगा। प्रधानाचार्य सुनील कुमार जी ने आगंतुकों का आभार ज्ञापित किया।

