शिकायत पर संविदाकार के बिगड़े बोल, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप ।
रेशमस खानम//अनपरा सोनभद्र।
कुलडोमरी ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
मामला कुलडोमरी टोला के डयनिया से रणहोर संपर्क मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा है। आरोप है कि संबंधित संविदाकार द्वारा गुणवत्ता विहीन निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों भोला प्रसाद गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, बिहारी लाल गुप्ता, दिनार बैगा, अंकित कुमार, राजकुमारी, वीरमती देवी और अनारकली देवी ने आरोप लगाया कि बिना पुराने सड़क की समुचित सफाई किए ही मिट्टी के ऊपर सीधे गिट्टी और तारकोल डालकर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब इस संबंध में जूनियर इंजीनियर विष्णु प्रकाश यादव से शिकायत की गई, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और मामले को टालते रहे। वहीं, मौके पर कार्य देख रहे एक व्यक्ति राजू सिंह ने कथित रूप से कहा कि “जहां शिकायत करनी हो कर दो, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी हमारे मुट्ठी में हैं,” जिससे ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार से प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता विष्णु प्रकाश यादव ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

