सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता के तत्वावधान में स्थानीय क्षेत्र के विशाल इंग्लिश एकेडमी परिसर में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक से संबंधित विविध जानकारियां प्राप्त कीं, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण का भी विकास हुआ।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें नवीन तकनीकी प्रगति से अवगत कराना रहा। इस दौरान अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े लाइव प्रसारण, उपग्रह प्रणाली, नेटवर्किंग सिस्टम, ग्रह-नक्षत्र तथा पृथ्वी से संबंधित विभिन्न मॉडल उपकरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने इन मॉडलों को बड़े ही उत्साह के साथ देखा और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती है। इससे वे कठिन वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल रूप में समझ पाते हैं और उनके भीतर वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में तकनीकी ज्ञान का होना अत्यंत आवश्यक है, और इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को नई दिशा मिलती है।
प्रदर्शनी के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह से शैक्षणिक एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर शिक्षक हृदय निवास पाण्डेय, राजनारायण पटेल, मिथिलेश कुमार, मनोज, अंकुर सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाया।

