सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र । 17 मार्च दिन मंगलवार को दुद्धी मे अखिल भारतीय यादव महासभा के तत्वधान मे भव्य होली मिलन समारोह का कार्यक्रम एवं नशा मुक्ति, दहेज़ प्रथा सहित शिक्षा के क्षेत्र मे आवश्यक सुधार हेतु गहन मंत्रणा की गयी।
कार्यक्रम की शुरुआत होली मिलन के साथ हुई, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारा और एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित मंत्रणा बैठक में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
बैठक मे नशा मुक्ति को प्रमुख विषय के रूप मे उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज, विशेषकर युवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। इसे रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने तथा परिवार स्तर पर भी सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही दहेज प्रथा पर भी गहन मंथन किया गया। वक्ताओं ने इसे समाज के लिए घातक कुरीति बताते हुए कहा कि दहेज प्रथा गरीब परिवारों पर भारी बोझ बनती जा रही है। इसे समाप्त करने के लिए समाज को एकजुट होकर दहेज रहित विवाह को बढ़ावा देने एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना होगा।
बैठक में शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। बच्चों एवं युवाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन देने और समाज में शैक्षिक माहौल को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त मेधावी छात्रों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करने पर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि समाज के होनहार छात्रों को चिन्हित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिल सके और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के आयोजन मे यादव महासभा के जिलाध्यक्ष जगत नारायण यादव के साथ युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजय यादव के महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर वरिष्ठ नेता रामेश्वर राय, सूर्यमणि यादव विधानसभा अध्यक्ष नरेश यादव, अविनाथ यादव, वीरेंद्र यादव , लकी यादव, कार्तिक यादव राजकुमार यादव विजय यादव सहित बड़ी संख्या मे यादव समाज के लोगों के साथ अन्य युवा वर्ग मौजूद रहा।

