सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र। आज रविवार को स्थानीय कस्बा दुद्धी के तहसील परिसर में बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह का भव्य रूप से आयोजन किया गया जिसमें देश-विदेश से आए रक्त वीरों ने डीजे की धुन पर जुलूस निकालकर स्थानीय लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। आपको बता दे की विभिन्न राज्यों व नेपाल से आए रक्तवीरों ने न केवल 5 यूनिट रक्तदान किया, बल्कि पूरे दुद्धी को रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने कहा कि दुद्धी जैसे पिछड़े क्षेत्र मे रक्तदान करने में अभी भी लोग संकोच करते हैं जिन्हें जागरूक करना बहुत जरूरी है। लेकिन यह महादान जीवन बचाने का सबसे सरल तरीका है। हमें अभी व्यापक जागरूकता अभियान चलाना होगा। वर्तमान में रक्तदान की दर चिंताजनक रूप से कम है, पर मेरा दृढ़ विश्वास है कि अगले वर्ष यहां सैकड़ों युवा रक्तवीर बनकर उमड़ेंगे। देश-विदेश से आए इन रक्तवीरों ने दुद्धी को नई दिशा दी है।
दुद्धी की पूर्व विधायक व वर्तमान राबर्ट्सगंज नगरपालिका चेयरमैन रूबी प्रसाद ने कहा कि रक्तदान तो महादान है, लेकिन आदिवासी बाहुल्य दुद्धी जैसे क्षेत्र में इसे जन-जन तक पहुंचाने की सख्त जरूरत है। यहां पिछड़ापन है तो प्रतिभाओं का अंबार भी। महिलाओं को आगे आकर रक्तवीर बनना चाहिए, राष्ट्र सेवा का यह सर्वश्रेष्ठ माध्यम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन दुद्धी कमलेश मोहन ने किया। नेपाल व विभिन्न प्रदेशों से आए रक्तदाताओं का स्वागत है, आपने दुद्धी को नई ऊर्जा दी।
शिविर से ठीक पहले भूटान ,नेपाल के अलावा राज्य के छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश ,महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश व लखनऊ से आये रक्त वीरों ने दुद्धी ब्लड सेंटर को 5 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान रामलीला मंच पर छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समां बांध दिया।
प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट समिति द्वारा तीसरी बार आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साहजनक सहयोग दिया। आभार ज्ञापन में विकास अग्रहरी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेहतरीन व्यवस्था की। कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।

