घोरावल तहसील क्षेत्र के लोढ़ौता जोगिनी मे खम्भे पर कार्य करने के दौरान करेंट से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। बिसहार गांव निवासी संतोष जोकि संविदा लाइनमैन है। गुरुवार की शाम लगभग 6:30 बजे हाई वोल्टेज करेंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से जल गए और कुछ घन्टो मे उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। किसी ने सूचना तत्काल एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल घटनास्थल से जिला अस्पताल के लिए ले जाया गया। वहाँ से वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई।
बताया गया कि क्षेत्र के जोगनी लोढ़ौता मे काशी चौहान के घर के पास संविदा लाइनमैन संतोष अपने अन्य दो सहयोगी स्टाफ के साथ ट्रांसफार्मर चढ़ाने का काम कर रहे थे। अचानक विद्युत सप्लाई आ जाने से पोल पर चढ़ा संतोष जलने लगा। जिससे विद्युत कर्मियों व आसपास मौजूद ग्रामीणों के होश उड़ गए। तुरंत सूचना एंबुलेंस को दी गई। सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई गई और संतोष को मशक्कत के साथ उतारा गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लोढ़ी रॉवर्ट्सगंज ले जाया गया। वह लगभग साठ प्रतिशत से ज्यादा जल गया था। मुँह सीने व कमर के ऊपर का भाग बुरी तरह से जल झुलस गया था। जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया। रात लगभग 11 बजे वाराणसी मे रास्ते मे उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों मे कोहराम मच गया। शव का पोस्टमार्टम वाराणसी मे हुआ। मृतक दो भाइयों मे बड़ा था। सभी संविदा लाइनमैन इस दुःखद घटना पर शोक व्यक्त किए। इस घटना मे काम करते समय शटडाउन का प्रश्न उठने लगा। आपूर्ति कैसे हुई, जोकि जांच का विषय है। लाइनमैन संगठन ने पीड़ित व्यक्ति के स्वजन को मुआवजा दिलाने व मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्यवाही की आवाज उठाई है।

