बीजपुर (सोनभद्र): बग्गा सिंह स्थानीय थाना क्षेत्र के जरहा गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। खेल-खेल में झूला झूल रही 8 वर्षीय मासूम बालिका की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरहा गांव निवासी शमशेर की पुत्री आसिया (8 वर्ष) घर पर अकेली खेल रही थी। परिवार के अन्य सदस्य पास ही एक पड़ोसी के यहां आयोजित विदाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान बच्ची ने घर की छत में लगी बल्ली के सहारे कपड़े की रस्सी से झूला बना लिया और उस पर झूलने लगी।
बताया जाता है कि खेलते-खेलते झूला गोल-गोल घूमने लगा, जिससे फंदा कसता चला गया। मासूम खुद को छुड़ा नहीं सकी और दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिजन घर लौटे तो अंदर का दृश्य देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची को झूले में फंसा देख परिजनों की चीख निकल गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
आसिया राजो के एक सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक और सहपाठी भी गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
झूला झूलते समय मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
By: वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)
On: Thursday, February 19, 2026 8:34 PM
---Advertisement---

