– सोनभद्र जिले में रफ्तार का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है, चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे स्थित गुरुद्वारा स्कूल के पास करीब 3:41 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर सड़क किनारे बने दुकानों और खड़े वाहनों से टकरा गया। हादसे में पांच दुकानें और एक कार समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि राहगीर और स्थानीय लोग भाग खड़े हुए जिससे बड़ी घटना होने से बच गई , ट्रक चालक नशे में होने की वजह से ओवरलोड ट्रक को नियंत्रित नहीं रख सका, घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोयला लदा ट्रेलर वाराणसी की ओर जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर ने सड़क किनारे मकान के सामने लगे तीन शेड दुकानों को तोड़ते हुए चार बाइक और एक कार को रौंद दिया। हादसे में घर के बाहर खड़ी चार बाइक और एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकान के पास ट्रेलर का पहिया एक बाइक में फंसने से वाहन रुका। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा भारी लोहे का बॉक्स उड़कर तीन शेड पर जा अटका। दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है । तेज आवाज और धूल का गुबार उठने से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्हें आशंका थी कि कहीं कोई राहगीर चपेट में न आ गया हो, लेकिन जांच में कोई घायल या मृत नहीं मिला।

