सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। आज बृहस्पतिवार को महाशिवरात्रि त्यौहार को लेकर कोतवाली परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पुलिस क्षेत्राधिकार दुद्धी राजेश कुमार राय की अध्यक्षता मे संपन्न हुई। इस बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर लोगों ने अपने अपने विचार रखें।
पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार राय ने बैठक को संबोधित करते हुए त्यौहार को भाईचारा एवं शांतिपूर्वक मनाने की लोगों से अपील करते हुए जुलूस, शिवबारात शोभायात्रा, शिव विवाह, मेले और कस्बे के अन्य आयोजनों में सतर्कता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों द्वारा निकाले जाने वाले जुलूसों के मार्ग पूर्व निर्धारित रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या विवाद से बचने के लिए सभी पक्ष आपसी सहयोग करें। मेले व शिव विवाह जैसे प्रमुख आयोजनों में छोटी-मोटी समस्याओं, जैसे पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और ध्वनि प्रदूषण पर तत्काल ध्यान देने की हिदायत दी गई। साथ ही, उन्होंने उपस्थितजनों से नियमों का पालन करते हुए भाईचारे की भावना बनाए रखने और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी कमलेश मोहन, डॉ. लवकुश प्रजापति,रविंद्र जायसवाल, प्रभारी निरीक्षक दुद्धी धर्मेंद्र कुमार सिंह,पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, कन्हैयालाल अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता,पंकज जायसवाल , दीपक शाह सहित नगर के अन्य लोग मौजूद रहें।

