सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। विकासखंड कोन के ग्राम पंचायत रामगढ़ में मंगलवार को मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक महासचिव कन्हाई राम कनौजिया ने की। जन चौपाल में जिला कांग्रेस कमेटी सोनभद्र के अध्यक्ष रामराज सिंह गोड़, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश त्रिपाठी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कमलेश ओझा, पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी तथा पीसीसी सदस्य एवं अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मनोनीत रवि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा के मूल स्वरूप में बदलाव कर गरीबों एवं ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों में कटौती करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि नियमों में किए गए संशोधनों के कारण मजदूरों को समय से रोजगार नहीं मिल पा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। नेताओं ने मनरेगा को गरीबों के लिए संजीवनी बताते हुए इसे कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मदन गुप्ता ने किया, जबकि संचालन पूर्व जिला उपाध्यक्ष विनायकांत चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद एवं प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज उठा।
जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर विकासखंड कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मनरेगा से संबंधित कराए गए एवं लंबित कार्यों का विवरण मांगा जाए। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो ब्लॉक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर चंदा एकत्र कर पुलिया निर्माण कराने वाले ब्लॉक महासचिव अनिल यादव को अध्यक्ष द्वारा माला पहनाकर सम्मानित किया गया। अंत में जन चौपाल शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

