सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। स्थानीय थाने की पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश तस्करी के प्रयास को विफल किया है। थाना कोन क्षेत्र अंतर्गत चौकी बागेसोती वीरेंद्र वर्मा की पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लौंगाबांध तिराहे के पास से सात गोवंश को क्रूरता पूर्वक हांककर ले जाते समय एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि करीब 12 बजकर 10 मिनट पर उपनिरीक्षक वीरेंद्र वर्मा, चौकी प्रभारी बागेसोती, मय पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवाटन की ओर से कुछ लोग गोवंश को मारपीट कर हांकते हुए ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम लौंगाबांध तिराहे पर पहुंची, जहां मौके से सात राशि गोवंश के साथ एक अभियुक्त अनवर अली पुत्र अजीमुद्दीन निवासी ग्राम कुड़वा थाना कोन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में दो अन्य अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए, जिनकी पहचान हाफिज अली पुत्र अजीमुद्दीन एवं रोज मोहम्मद पुत्र अजीमुद्दीन, दोनों निवासी ग्राम कुड़वा थाना कोन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों फरार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं तथा हिस्ट्रीशीटर भी बताए जा रहे हैं, जिनका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।वही थाना प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस मामले में स्थानीय थाना कोन पर गोवध निवारण अधिनियम एवं संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीरेंद्र वर्मा, उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक लाल जी यादव, हेड कांस्टेबल विनय यादव, रामप्रवेश कुशवाहा, मंटू सिंह, देवेंद्र पाल एवं अशोक कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

