सोनभद्र: सदर कोतवाली रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के आर टी ओ ऑफिस के समीप सड़क हादसे में पॉलिटेक्निक के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना एआरटीओ कार्यालय के पास हुई, जिसमें दो अन्य छात्र घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के साई पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्र रॉबर्ट्सगंज के संत कीनाराम कॉलेज उरमौरा में पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वे इको पॉइंट घूमने जा रहे थे।

जैसे ही वे एआरटीओ कार्यालय के आगे बढ़े, उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे तीनों छात्र सड़क पर गिर गए। इसी दौरान रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रहे एक टैंकर (UP 42 ET 4569) ने बाइक पर पीछे बैठे छात्र शिवकुमार (17 वर्ष) पुत्र बृजराज शील्थम पटना, पन्नूगंज के निवासी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो छात्र अमित कुमार मौर्य (18 वर्ष) और शिवम गुप्ता (17 वर्ष) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लोढ़ी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया और घायलों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने टैंकर को भी जब्त कर लिया है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है

