पिपरी संवाददाता दीपू तिवारी
(पिपरी सोनभद्र)वन विभाग प्रवर्तन टीम प्रभारी और पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रविवार की रात को रनटोला रेलवे क्रॉसिंग गेट से कत्थे का बोटों से लदा एक ट्रक पकड़ा गया।
ट्रक में सवार तस्कर अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। लगभग दो टन कत्था के बोटों को हरियाणा ले जाया जा रहा था।
वन विभाग पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर टीम यूपी-छत्तीसगढ़ सीमा से ही ट्रक का पीछा कर रही थी। पिपरी वन रेंज के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला रेलवे गेट से पहले, मोड़ पर टीम ने रविवार की रात 3 बजे कत्थे का दो टन बोटा लेकर जा रहे ट्रक को पकड़ लिया।
वन विभाग की टीम को देखकर चालक और तस्कर जंगल और अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। टीम ने ट्रक को पिपरी रेंज ले जाकर, सीज कर, अग्रिम कार्यवाही शुरु कर दी है।
बता दें कि प्रवर्तन टीम ने दो महीने में यह दूसरी सफलता हासिल की है। इससे पहले जरहा रेंज से बिना परमिट के कत्थे के बोटे को ले जाते पकड़ा गया था।
प्रभागीय वनाधिकारी रेणुकूट कमल कुमार ने बताया कि ट्रक को सीज कर दिया गया है, और बोटों की गिनती कराई जा रही।

