सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेतकटवा के टोला लोहबे निवासी 32 वर्षीय उमेश कुमार पुत्र बासदेव कन्नौजिया की मंगलवार की रात बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार उमेश कुमार मंगलवार की देर रात कोन की तरफ से अपने घर लोहबे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक उनके घर से कुछ दूरी पहले ही सड़क पर फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
बताया गया कि मृतक उमेश कुमार बिजली विभाग से जुड़े कार्य में स्मार्ट मीटर लगाने का काम करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार उमेश तीन भाइयों में मझले थे, जबकि उनके बड़े भाई का निधन पूर्व में ही हो चुका है। घर की जिम्मेदारी काफी हद तक उमेश के कंधों पर ही थी।
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

