दीपू तिवारी,,,रेणुकूट। नगर के गांधी मैदान में चल रही संगीतमय श्री राम कथा के दूसरे दिन शुक्रवार की शाम श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथावाचक निलेश जी महाराज ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का सजीव वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा के दौरान निलेश जी महाराज ने शिव–पार्वती विवाह के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह विवाह केवल दो दिव्य शक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि संसार में संतुलन, त्याग और प्रेम का प्रतीक है। जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ी, भजन-कीर्तन और संगीत की मधुर धुनों ने पूरे गांधी मैदान को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
शिव बारात, पार्वती जी की तपस्या और विवाह के उल्लासपूर्ण प्रसंग को संगीत और भावाभिनय के साथ प्रस्तुत किया गया, जिस पर श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। “हर-हर महादेव” और “जय माता पार्वती” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
कथा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार की कथाएं समाज में धार्मिक चेतना के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी मजबूत करती हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था के साथ सुरक्षा के भी समुचित प्रबंध किए गए थे।
आयोजकों ने बताया कि संगीत मय राम कथा आगामी दिनों में भी जारी रहेगी, जिसमें भगवान राम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
रेणुकूट में संगीत मय राम कथा के दूसरे दिन शिव–पार्वती विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु
By: वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)
On: Saturday, December 20, 2025 6:56 PM
---Advertisement---

