स्कूली बच्चों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने खेलो में भागीदारी का दिया संदेश
सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। जिले में 25 दिसंबर से प्रारंभ होने जा रहे विधायक खेल महाकुंभ के सफल आयोजन और अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को कोन बाजार में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और पार्टी ध्वज लिए प्रतिभागियों ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन को खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता रैली की अगुवाई भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलाल चेरो ने की। रैली में राजकीय इंटर कॉलेज कोन तथा सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोन के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। रैली कोन पुरानी बाजार से शुरू होकर थाना, चाचीकला मोड़, बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगर भ्रमण पर निकली। इस दौरान “खेलेगा कोन, बढ़ेगा कोन”, “खेलो इंडिया, स्वस्थ इंडिया” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
रैली को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख कोन रूबी मिश्रा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में युवाओं का खेलों से जुड़ाव कम हो रहा था, लेकिन सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में आयोजित विधायक खेल महाकुंभ जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने में मील का पत्थर बनेगा।
वहीं कमलेश चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इच्छुक खिलाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यालय, विद्यालयों अथवा ऑनलाइन माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों और अभिभावकों से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करें।
रैली में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बंशीधर, सुशील चतुर्वेदी, विनोद कुमार, प्रभास पांडेय, वाचस्पति त्रिपाठी, वीरेंद्र राय सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में खेल महाकुंभ को सफल बनाने का संकल्प लिया।
अंत में बताया गया कि विधायक खेल महाकुंभ का आयोजन 25 दिसंबर से कोन स्थित हाईडियल मैदान में किया जाएगा, जिसमें जिले भर के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। रैली के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

