शक्तिनगर सोनभद्र।कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की खड़िया परियोजना में गत शनिवार को अंतर-क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025 सम्पन्न हुई। यह प्रतियोगिता 20 नवंबर से 22 नवंबर 2025 तक आयोजित की गयी जिसमें एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों से 12 टीमों से 168 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 15 मैच खेले गए।
समापन समारोह के दौरान निदेशक (मानव संसाधन), श्री मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप मे उपस्थित रहे। इस दौरान अपने उद्बोधन में उन्होनें विजेता टीम को बधाई देते हुए खेल को टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व, सहकारिता का सूत्र बताया। इसके अतिरिक्त उन्होने आने वाली पीढ़ी को भी खेल-कूद से जोड़ने हेतु आह्वान किया।
इस अवसर पर कंपनी स्तरीय जेसीसी सदस्य- सीएमएस से श्री अजय कुमार, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह, बीएमएस से श्री श्यामधर दुबे, एचएमएस से श्री अशोक कुमार पांडे, सीएमओएआई से श्री सर्वेश सिंह, महाप्रबंधक (खड़िया) श्री के. डी. जैन , परियोजना जेसीसी सदस्य, विभागाध्यक्षगण, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड मेम्बर्स एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
*जयंत टीम रही विजेता*
अंतर-क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच जयंत एवं मुख्यालय की टीमों के बीच खेला गया। इस दौरान जयंत टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ 3-2 से मुख्यालय टीम को हराकर विजेता खिताब अपने नाम किया। प्रतिस्पर्धा के दौरान श्री संतोष वैश्य (जयंत) बेस्ट प्लेयर, श्री राजेन्द्र वैश्य (मुख्यालय) बेस्ट स्कैटर, श्री शशि कुमार वैश्य (मुख्यालय) बेस्ट लिबेरो एवं श्री जगन्नाथ वैश्य (मुख्यालय) बेस्ट स्मैशर बने।
गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा प्रतिवर्ष अपने कर्मियों का मनोबल बढ़ाने एवं उनके शारीरिक और मानसिक विकास हेतु ऐसी अनेक खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है।

