शक्तिनगर, सोनभद्र।शक्तिनगर में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के मुख्य हाइवे पर एक खड़े ट्रेलर से पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पीछे वाले ट्रेलर के 36 वर्षीय चालक की केबिन में फंसने से मौत हो गई।यह घटना बीना महाप्रबंधक कार्यालय के पास हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे से आए ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला।चालक को तुरंत अटल अस्पताल बीना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी रवाना कर दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।मृतक चालक की पहचान शिवशंकर यादव (36) पुत्र बाबा दिन के रूप में हुई है, जो धुआँडोल, मड़वास, जिला सीधी का निवासी था। परिजनों के अनुसार, शिवशंकर रात करीब 11 बजे अपने गांव से बीना खदान में कोयला लोडिंग के लिए निकला था।
शिवशंकर के तीन बच्चे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवशंकर के ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद सामने खड़ा ब्रेकडाउन ट्रेलर कुछ दूरी तक घिसटता हुआ डिवाइडर पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग पर कोयला राख परिवहन से जुड़े ट्रकों और ट्रेलरों के खड़े रहने के कारण आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और यदि घायल शिवशंकर को समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

