सत्यपाल सिंह,,,,म्योरपुर ,सोनभद्र, दुद्धी डिवाइडर में टकराने से बाइक सवार की हुई मौत
शुक्रवार की शाम दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में झारो गांव के पास बने अंडरपास के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। म्योरपुर निवासी 19 वर्षीय युवक नीरज कुमार पुत्र जयप्रकाश की बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोर्ट पेशी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नीरज शुक्रवार को न्यायालय में पेशी के लिए दुद्धी आया था। बताया गया कि दो दिन पहले ही उसे बेल मिली थी और आज 17 अक्टूबर को उसी मुकदमे में उसकी पेशी थी। शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्तों रुपिन जायसवाल और गुलशेर के साथ दो बाइकों से म्योरपुर लौट रहा था।
नीरज खुद बाइक चला रहा था और आगे-आगे चल रहा था, जबकि उसके दोनों दोस्त पीछे आ रहे थे। इसी दौरान झारो गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसका सीना और सिर बुरी तरह चोटिल हो गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वही पीछे से आ रहे दोनों दोस्तों ने हादसा देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को फोन किया। घायल नीरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सुनील ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मोमो के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

