जुमलेबाजी व झूठ बोलने की मशीन है मोदी- ओम प्रकाश
नूरूल होला खान
गाजीपुर। बिहार चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में मुफ्त कोरोना वैक्सीन के वादे पर राजनीतिक दलों ने घेराबंदी शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी के पूर्व पर्यटन मंत्री और दिग्गज नेता ओमप्रकाश सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि देश को धोखा देना और झूठ बोलना बंद करें मोदी। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन का दुनिया में कोई अता पता नहीं है लेकिन बिहार चुनाव जीतने के लिए बिहार की भोली-भाली जनता को फ्री में वैक्सीन देने का सपना दिखाने से यह लोग बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना पूरे देश में है लेकिन फ्री में वैक्सीन बांटने का वादा सिर्फ बिहार के लिए किया जा रहा है, वह भी फर्जी। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कोरोना काल मे पूरे देश से बिहार के नौजवान बेरोजगार होकर जब अपने घर को चले तो इस भाजपा सरकार ने उन्हें भूखे प्यासे तड़पने को छोड़ दिया था, आज वोट के लिए तमाम तरह की जुमलेबाजी फिर शुरू कर दी गई है। इन लोगों ने सब कुछ बेच दिया, अब तो केवल गरीब की जान बची है उसे छोड़ दे। पूर्व मंत्री ने तीखे शब्दों में कहा कि यूपी में धारा 144 लगाकर बिहार में जनसभा कराई जा रही है। किसानों को खाद नहीं मिल रहा है, छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहे हैं, भुखमरी के हालात हो चुके हैं लेकिन मोदी जी हजारों करोड़ के विमान खरीदने में मशगूल है। न खाते में 15लाख आए, न ही 2करोड़ नौजवानों को नौकरी मिली लेकिन कोरोना काल में 5 किलो का चावल देकर 56 इंच का सीना नपवा रहे हैं। बिहार में परिवर्तन होने वाला है। समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय जनता दल को अपना समर्थन दिया है। बिहार की जनता इन लोगों के जुमलेबाजी और झूठ से आजिज आ चुकी है, जिसका परिणाम इस चुनाव में देखने को मिलेगा। भाजपा सरकार की अवसरवादी संकीर्ण राजनीति का जवाब उत्तर प्रदेश, बिहार समेत पूरे देश की जनता आगामी चुनावों में जरूर देगी।

