अपडेट:धारदार हथियार से एक वृद्ध की हत्या,सनसनी
शाहगंज(वली अहमद सिद्दीकी)सोनभद्र: स्थानीय थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में बीती रात ग्यारह बजे के करीब धारदार हथियार से एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। वृद्ध रात में खाना खाने के बाद खेत पर बने मकान में सोने जा रहा था। इस मामले में मृतक के बहनोई की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सत्तर वर्षीय बसंतु चौरसिया बीती रात खाना खाने के बाद घर से खेत पर जा रहा था। काफी देर तक उसके खेत नहीं पहुंचने पर उसके बहनोई और परिजन खोजने निकले तो गांव के वोडाफोन टावर के पास वह औंधे मुंह खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे दी और पुलिस रात में ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले ली और अंत्यपरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एस ओ भुवनेश्वर पांडेय के मुताबिक रात में ही मृतक के बहनोई जग्गन चौरसिया की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मृतक के पत्नी-बच्चे नहीं हैं, वह युवावस्था से राजपुर में ही अपनी बहन के घर रहता था। ग्रामीणों के अनुसार वह ओझाई का भी काम करता था और अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी हत्या के पीछे ओझाई भी एक वजह हो सकती है।

