जूही खान,
पिपरी थाना प्रभारी अभय नारायण तिवारी पुलिस पदक से हुए सम्मानित
पिपरी(सोनभद्र)।
पिपरी थाना प्रभारी अभय नारायण तिवारी को उनके बेहतर व सराहनीय कार्यों के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। मूल रूप से गाजीपुर जनपद के करीमुद्दीन थाना क्षेत्र निवासी अभय नारायण तिवारी वर्ष 1983 में पुलिस सेवा में आए थे। वे अब तक प्रयागराज, फतेहपुर, आजमगढ़, सोनभद्र समेत कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। नौकरी के दौरान उनके बेहतर व सराहनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें 15 अगस्त 2020 पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक द्वारा सम्मानित किया जाना था परंतु कोरोना संक्रमण की वजह से लखनऊ का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने पिपरी थाना प्रभारी अभय नारायण तिवारी को पुलिस महानिदेशक एच सी अवस्थी का पत्र और पुलिस पदक देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने थाना प्रभारी की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए बधाई दी और कहा कि उनके कार्य से दूसरे पुलिसकर्मियों को प्रेरणा मिलती है कि वह भी ऐसा कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस के उच्चाधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

