भदोही:एक 14 साल की किशोरी की सिर कुचलकर नृशंस हत्या,परिजनों ने लगाया रेप का आरोप
भदोही;उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध की एक के बाद एक घटनाएं सामने आ रही हैं। हाथरस मामले को लेकर पूरे देश में उबाल है। वहीं बलरामपुर की घटना भी शर्मसार करने वाली है। इसी बीच भदोही जिले से एक दलित किशोरी के साथ दरिंदंगी की खबर सामने आई है। जिले के गोपीगंज इलाके में एक 14 साल की दलित किशोरी की सिर कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई है। मामले में रेप की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, भदोही जिले में गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय दलित किशोरी गुरुवार को दोपहर अचेतावस्था में घर से कुछ दूर स्थित बाजरे के खेत में मिली। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बेटी की रेप के बाद हत्या करने की बात कही। उसके सिर को बुरी तरह कुचला गया था, जबकि शरीर से कपड़े गायब थे। उधर, घटना की जानकारी के बाद मौके एसपी रामबदन सिंह व कुछ देर बाद आईजी पियूष बरनवाल पहुंचे। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

