रेनुकूट/सोनभद्र।
उत्तरप्रदेश के जनपद सोनभद्र अंतर्गत आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर थाना पिपरी अंतर्गत रेणुकूट में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर क्षेत्राधिकारी पिपरी अमित कुमार द्वारा आज दिनांक 05.08.2025 को मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने आयोजन समिति को भी सुझाव दिया कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग की स्पष्टता तथा CCTV कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। मंदिर परिसर में भी विशेष सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों के संचालन की तैयारियों का जायज़ा लिया गया। क्षेत्राधिकारी पिपरी ने आयोजकों की तैयारियों की सराहना की तथा आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

