रेणुकूट/सोनभद्र।
जनपद सोनभद्र के रेनूकूट में 20 नवंबर को सिंगर इंडिया लिमिटेड एवं हिंडालको सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन महिला शिल्प कला केंद्र रेणुकूट तथा आदित्य बिरला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क के क्षमता विकास केंद्र में किया गया जहाँँ सिंगर इंडिया लिमिटेड के प्रमुख प्रशिक्षक पवन एवं उनके सहयोगी गौरव के द्वारा सिलाई मशीन की बारीकियां समझाई गईं।

तीन दिवसीय कार्यशाला में सभी प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक तथा मैनुअल सिलाई मशीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा दोनों प्रकार की मशीनों की मरम्मत एवं रखरखाव की भी जानकारी दी गई। तत्पश्चात इसी से सम्बंधित 6 माह का डिप्लोमा कोर्स पूरा कर चुके प्रशिक्षणार्थियों हेतु परीक्षा का आयोजन किया गया।
इसके उपरान्त को सभी प्रशिक्षणार्थियों को हैंडस ऑन ट्रेनिंग प्रदान की गई जिसमें उन्हें सिलाई मशीनों से संबंन्धित प्रतिदिन आने वाली समस्याओं व उनके निदान से अवगत कराया गया। इस दौरान मुख्य प्रशिक्षक पवन ने बताया कि यदि आप कार्य को गुणवत्ता के स्तर पर ले जाते हैं तो आप व्यवसायिक रूप में भी कार्य कर सकते हैं जिसमें हिंडालको तथा सिंगर समूह आपका पूर्ण सहयोग करेगा।
कार्यक्रम के समापन पर हिंडालको सीएसआर प्रमुख अभिजीत ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि आप सभी उन महिलाओं के लिए एक आदर्श हैं, जो आपसे प्रेरित होकर अपने घरों से बाहर निकलीं तथा इस प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। उन्होंने आगे कहा, आपकी प्रगति के हर पथ पर हिंडालको सीएसआर विभाग आपको मदद करने के लिए तैयार है। आप सभी को प्रशिक्षण के पश्चात सिलाई मशीन भी वितरित की जाएगी। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास, अजय यादव, तारा देवी, रजनी सिंह, संगीता सिंह, नीलम चौबे का विशेष योगदान रहा।

