रेनूकूट/सोनभद्र।
केन्द्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना कौशल विकास योजना के लक्ष्य एवं उसके उद्देश्य की प्राप्ति हेतु हिण्डाल्को समय-समय पर अपना योगदान देता आया है।
इसी क्रम में एक बार पुनः छात्राओं को रोजगार समृद्ध बनाने के उद्देश्य से हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित महिला शिल्प कला केंद्र में कम्प्यूटर सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर का शुभारंभ संस्थान के मुखिया एन. नागेश ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर श्री नागेश ने कहा कि छात्राओं को सशक्त बनाना और उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के मद्देनजर छात्राओं हेतु कम्प्यूटर सेंटर का शुभारंभ किया गया है। सीएसआर हेड अभिजीत ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस कम्प्यूटर सेंटर में 15-15 छात्राओं के दो बैच चलेंगे जहां उन्हें 6 महीने के बेसिक कम्प्यूटर का कोर्स कराया जाएगा तत्पश्चात उन्हें सर्टिफिकेट भी दिये जाएंगे। इस अवसर पर श्री नागेश एवं अन्य अधिकारियों ने शिल्प कला केंद्र में ही चल रहे महिला सिलाई केंद्र का भी निरीक्षण किया और केंद्र में और सुविधाएं बढ़ाने हेतु निर्देश दिया। इसके बाद श्री नागेश ने महिला मण्डल उच्च प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया और बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली तथा भवन के कई हिस्सों के नवीनीकरण हेतु निर्देशित किया।

इसके पश्चात श्री नागेश ने हिण्डाल्को कॉलोनी परिसर के एल-टाइप व एच-टाइप क्वार्टर में भूमि पूजन कर प्रत्येक एल एवं एच -टाइप क्वार्टर में एक कमरा बढ़ाने के प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री नागेश ने कहा कि कम्पनी अपने कर्मचारियों की सुख-सुविधा को लेकर कटिबद्ध है। इसी क्रम में जैसे आई-टाइप क्वार्टर में एक अतिरिक्त कमरा बनवाने का प्रोजेक्ट चल रहा है उसी तर्ज पर प्रत्येक एच व एल- टाइप क्वार्टर में भी एक अतिरिक्त कमरा बनवाया जायेगा।
इस अवसर पर रेणुकूट क्लस्टर एच.आर. हेड जसबीर सिंह, प्रोजेक्ट हेड विनोद ठाकुर, सीएसआर प्रमुख आभिजीत सिंह, आईटी हेड दुवु मूर्ति, संजय सिंह, परनीत सिंह, अनुनय कुमार, राजेश सिंह तथा मान्यता प्राप्त श्रमिक संघ के पदाधिकारियों समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

