रेनूकूट/सोनभद्र ।
शासन के मंशा के अनुरूप नगर निकायों द्वारा नगर के समुचित विकास हेतु विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत रेणुकूट अत्यधिक सक्रियता बरतती नजर आ रही है। इसी क्रम में आज 1अगस्त को पोषण मिशन की शुरुआत की गई।
मिशन का शुभारम्भ आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मौजूदगी में नगर पंचायत रेणुकूट की अधिशासी अधिकारी डॉ अनीता शुक्ला द्वारा वृक्षारोपण कर एवं हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति फेज-3 के तहत समाज में महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा की रोकथाम के दृष्टिगत नगर पंचायत के वार्ड की महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को जागरूक करते हुए लैंगिक हिंसा एवं उसके दुष्प्रभाव विषयक सुझाव दिए गए, साथ ही इस बात के लिए भी प्रोत्साहित किया गया कि घरेलू हिंसा के विरूद्ध महिलाओं को आवाज अवश्य उठाना चाहिए, और यदि आवश्यकता पड़े तो पुलिस प्रशासन का सहयोग या फिर कानूनी सहयोग लेने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए। डॉ अनीता शुक्ला ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में रहने वाली विधवा, अबला, असहाय, निराश्रित महिलाओं की पहचान करके उनकी सूची तैयार कर नगर पंचायत कार्यालय में उपलब्ध कराएं, जिससे इन महिलाओं को समाजसेवी संगठनों एवं उद्योग से जुड़े लोगों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का समुचित प्रयास किया जा सके। अधिशाषी अधिकारी ने कहा कि नगर पंचायत रेणुकूट द्वारा समय- समय पर मिशन शक्ति का कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि महिलाएं आगे आ सकें और उनकी समाज में सुरक्षित भागीदार सुनिश्चित की जा सके।

