( सत्यपाल सिंह, “क्राइम जासूस”)
म्योरपुर/सोनभद्र। हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग आसपास के ग्रामीणों के विकास के लिए सदैव तत्पर रहता है। विभाग की ओर से यहां अनेक प्रकार की योजनाएं भी चलाई जा रही हैं जिससे कि ग्रामीणों को विकास की राह पर अग्रसर होने में सहयोग मिल सके। इसी क्रम में शुक्रवार को विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए हिण्डाल्को रेणुकूट क्लस्टर के सीओओ एन. नागेश ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया।
श्री एन. नगेश ने धर्मपत्नी श्रीमती लक्ष्मी नगेश के साथ म्योरपुर के सुपाचुआं और फाटपखना ग्राम में ग्रामीणों को खेती करने के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए बाऊली और चेक डैम निर्माण का उद्घाटन किया।
इसके माध्यम से लगभग 30 एकड़ खेती की जमीन सिंचित हो सकेगी। इसी क्रम में उन्होंने हिण्डाल्को द्वारा लगाए गए लिफ्ट इरीगेशन का भी अवलोकन किया एवं लाभान्वित किसानों से चर्चा की।
इसके उपरान्त म्योरपुर स्थित “आदित्य बिड़ला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क” में 50 किसानों के मध्य कीटनाशक छिड़काव यंत्र का वितरण किया। फ्लोराइड प्रभावित म्योरपुर विकास खंड के कुसमाहा एवं रासपहरी ग्राम के 26 प्रभावित परिवारों के मध्य आयरन तथा फ्लोराइड मुक्त पानी उपलब्ध कराने वाली वॉटर फिल्टर मशीन का वितरण किया।
किसानों को सम्बोधित करते हुए श्री नगेश ने कहा, “हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग की ओर से किये जा रहे सहयोग से आप सभी खेती को उन्नत बनाएं एवं सब्जी तथा नकदी फसल के उत्पादन पर विशेष ध्यान दें। हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग उन्हें इस कार्य में हर संभव मदद करेगा।” फ्लोराइड प्रभावित परिवारों को उन्होंने वॉटर फिल्टर से प्राप्त पानी ही प्रयोग करने को कहा और भविष्य में और भी फिल्टर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मान सिंह गौड़, हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग प्रमुख अभिजीत, अधिकारी अनुनय कुमार, राजेश सिंह समेत सम्बंधित गांव के प्रधान एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

