म्योरपुर/सोनभद्र।
जनपद सोनभद्र के रेनूकूट में स्थित हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दुद्धी तहसील के गांवों में ग्रामीणों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए अनेकानेक कार्यक्रम चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार को म्योरपुर स्थित आदित्य बिड़ला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क में विभाग द्वारा गठित किसान क्लब के 70 किसानों के मध्य हिण्डाल्को के सीओओ एन. नागेश द्वारा श्री विधि से धान की खेती हेतु बीज वितरित किये गए तथा उन्नत खेती हेतु कुछ बारीकियां भी समझाई गईं।

बीज वितरण कार्यक्रम के उपरान्त एन. नागेश ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हिण्डाल्को किसानों एवं किसानों के विकास के लिए अनेक कार्यक्रम चला रहा है ताकि किसान उन्नति के रास्ते पर तेजी से अग्रसर हो सकें। इसके लिए हिण्डाल्को भविष्य में भी किसानों को अधिक से अधिक खेती से सम्बंधित संसाधन उपलब्ध कराएगा। इससे पूर्व ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख अभिजीत कुमार द्वारा किसानों की आयवर्धन हेतु चलाए जा रहे कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
वहीं श्री नागेश ने हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किसानों हेतु सिंचाई तथा जल संरक्षण के तहत बनाए गए बाउली तथा चेकडैम का अवलोकन किया। उन्होंने कटौंधी एवं रासपहरी गांव के किसानों से संवाद किया। कटौंधी ग्राम में श्री नागेश द्वारा पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। इसी दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर वैक्सीनेशन के लिए जागरुकता फैलाने वाली हिण्डाल्को सीएसआर की टीम को बधाई दी। गौरतलब है कि हिण्डाल्को सीएसआर की ओर से पारंपरिक कार्यक्रमों एवं लोकगीतों के माध्यम से गांव-गाव में जाकर लोगों को कोविड वैक्सीनेशन करवाने हेतु जागरुक किया जा रहा है जिसका व्यापक प्रभाव भी देखने को मिला है।
कार्यक्रम में हिण्डाल्को जनसंपर्क एवं प्रशासनिक विभाग के प्रमुख संजय सिंह, ग्रामीण विकास विभाग के अनुनय कुमार, राजेश सिंह एवं प्रशान्त कुशवाहा उपस्थित रहे।

